बच्चों के सर्वांगीण विकास की मजबूत नींव है ईसीसीई कार्यक्रम – गौरव सिंह चौधरी
लेबर बस्ती आंगनबाड़ी केंद्र में ‘पेड़ हमारे दोस्त’ थीम पर आयोजित बाल मेले में बच्चों ने गतिविधियों के माध्यम से सीखी शिक्षा, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण की सीख
डोईवाला – ईसीसीई (प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा) दिवस के अवसर पर जौलीग्रांट सेक्टर के अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्र लेबर बस्ती में ‘पेड़ हमारे दोस्त’ थीम पर बाल मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बच्चों ने गीत, कविता, खेल एवं शिक्षाप्रद गतिविधियों के माध्यम से सीखने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ स्वागत गीत के साथ हुआ। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सुनीता राणा ने ईसीसीई की महत्ता बताते हुए कहा कि तीन से छह वर्ष की आयु के बच्चों का बौद्धिक, भाषाई, गणितीय, सामाजिक, भावनात्मक और रचनात्मक विकास गतिविधि आधारित शिक्षा के माध्यम से किया जाता है।
परियोजना अधिकारी सुषमा कोठारी ने बताया कि प्रत्येक माह के अंतिम शुक्रवार को सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर ईसीसीई दिवस के अंतर्गत इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख गौरव सिंह चौधरी, विशिष्ट अतिथि अजीम प्रेमजी फाउंडेशन के जिला समन्वयक अनिरुद्ध सोलंकी ने स्कूल में प्रवेश लेने वाले बच्चों को प्रमाणपत्र वितरित किए गए। साथ ही गौरा देवी की प्रेरक कहानी सुनाई गई तथा ‘बीज बोल’ कविता के साथ पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
ब्लॉक प्रमुख गौरव सिंह चौधरी ने कहा कि ईसीसीई कार्यक्रम बच्चों के सर्वांगीण विकास की मजबूत नींव है। खेल-खेल में सीखने की यह प्रक्रिया बच्चों के मानसिक, शारीरिक और सामाजिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन बच्चों में प्रकृति के प्रति लगाव और सीखने की रुचि विकसित करते हैं।
अनिरुद्ध सोलंकी ने कहा कि गतिविधि आधारित शिक्षा से बच्चों की सीखने की क्षमता, आत्मविश्वास और रचनात्मक सोच का विकास होता है। ऐसे कार्यक्रम बच्चों के साथ-साथ अभिभावकों को भी शिक्षा के महत्व से जोड़ते हैं।
कार्यक्रम में अनीता पटवाल (सुपरवाइजर), सुमित्रा पाठक, मधुरवादिनी, नीलम, सरोज सोलंकी, अनीता, किरण, भारती, पुष्पा, पूनम आदि मौजूद रहे I


