झूमेला नृत्य की थाप पर सजेगा भानियावाला का तीज महोत्सव
9 अगस्त को तीज पूजन, मेहंदी, तीज क्वीन प्रतियोगिता और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में दिखेगा महिलाओं का उत्साह
डोईवाला – भानियावाला में 9 अगस्त को तीज महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। सावन के इस विशेष पर्व को लेकर महिलाओं में खासा उत्साह है। कार्यक्रम की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। महोत्सव में तीज पूजन, भगवान शिव एवं माता पार्वती की आराधना, सावन के लोकगीत, मेहंदी प्रतियोगिता, पारंपरिक वेशभूषा, तीज क्वीन प्रतियोगिता सहित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
महोत्सव का मुख्य आकर्षण गढ़वाल का पारंपरिक झूमेला नृत्य रहेगा। इसके अलावा महिलाओं के लिए मनोरंजक प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी। विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा।
कार्यक्रम संयोजक ममता कुंवर ने बताया कि तीज महिलाओं की संस्कृति, परंपरा और आपसी स्नेह का पर्व है। इस बार कार्यक्रम में करीब 500 महिलाओं के शामिल होने की संभावना है। उन्होंने कहा कि महोत्सव के माध्यम से गढ़वाली लोक संस्कृति और परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने क्षेत्र की सभी महिलाओं से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की।

कार्यक्रम से जुड़ी मधु डोभाल ने बताया कि कार्यक्रम की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। उन्होंने कहा कि झूमेला नृत्य सहित अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आयोजन को विशेष और यादगार बनाएंगी।
इस दौरान रीता नेगी, सुमन गुसाईं, बबिता पंत, मीनाक्षी बिष्ट, ममता जोशी, सुमन रावत, अनीता नेगी, पुष्पा बिष्ट, कविता भट्ट, गीता रावत, उषा डोभाल, मंजू बिष्ट और आशा नेगी सहित अन्य महिलाएं जुटी हुई हैं।


