नशा मुक्त भारत के संकल्प के साथ आगे आए डोईवाला महाविद्यालय के युवा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का लाइव प्रसारण देखा, छात्र-छात्राओं ने नशे से दूर रहने और समाज को जागरूक करने का लिया संकल्प
डोईवाला – शहीद दुर्गामल्ल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, डोईवाला में ‘नशा मुक्त युवा, विकसित भारत अभियान’ के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का लाइव प्रसारण आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं के साथ राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस), राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) एवं रोवर-रेंजर के स्वयंसेवकों ने भाग लिया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने लाइव संबोधन में युवाओं से नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहकर देश के विकास में भागीदार बनने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक युवा अपने परिवार और राष्ट्र की आशाओं का केंद्र है तथा नशा मुक्त जीवन ही विकसित भारत की मजबूत नींव है।
कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. एस. के. लाल ने अतिथियों एवं विद्यार्थियों का स्वागत किया। प्रभारी प्राचार्या डॉ. संगीता बहुगुणा ने छात्र-छात्राओं को नशा मुक्ति की शपथ दिलाते हुए कहा कि युवा स्वयं जागरूक बनें और समाज में भी नशे के खिलाफ जनजागरण का संदेश पहुंचाएं।
इस दौरान डॉ चंद्रकला टम्टा प्राध्यापक अमित नेगी, ध्रुव, अरुण तिवारी, सिमरन, भूमि, बृजमोहन, सुनील, दीपिका, बृजेश सहित महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


