शहीदों के बलिदान को नमन, भागवत कथा में उमड़े श्रद्धालु
कीर्तन मंडलियों ने भजनों से बांधा समां, मातृशक्ति को किया सम्मानित
डोईवाला – देश रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर शहीदों की स्मृति में सोसाइटी ऑफ मिशन 4जी—गौ, गंगा, गांव और गायत्री की ओर से जोगीवाला स्थित नाइन पाम्स वेडिंग प्वाइंट में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा का छठवां दिन श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ संपन्न हुआ।
कथा व्यास आचार्य श्यामसुंदर गौतम महाराज ने कहा कि शहीद परिवारों को मुख्य यजमान बनाकर पूजन कराना उनके त्याग और बलिदान के प्रति सम्मान व्यक्त करने की महत्वपूर्ण पहल है। शहीद परिजनों का सम्मान समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
छठवें दिन नत्थनपुर, विंडलास और राजीव नगर की कीर्तन मंडलियों ने भजन-कीर्तन प्रस्तुत किए। संस्था की ओर से कीर्तन मंडलियों की मातृशक्ति को वस्त्र तथा शहीद परिजनों को अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।
संस्था अध्यक्ष सुभाष भट्ट ने कहा कि आयोजन का उद्देश्य आध्यात्मिक वातावरण के साथ शहीद परिवारों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता की भावना को मजबूत करना है।
कार्यक्रम में राज्य मंत्री विनोद उनियाल, डॉ. राकेश उनियाल, अनुज पुरोहित, केके रैना, प्रतिभा पाठक, वंदना रावत, सविता भट्ट, गीतांजलि और डॉ. लक्ष्मण सिंह बिष्ट समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।


