झांसी में पुलिस के हत्थे चढ़े गिरधारी साहू
देहरादून। उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या के पति गिरधारी लाल साहू को पुलिस ने उत्तर प्रदेश के झांसी से गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के साथ ही पिछले कई दिनों से चल रही उनकी तलाश पर विराम लग गया है।
मामले की शुरुआत 15 अक्टूबर को हुई थी, जब मंत्री रेखा आर्या ने देहरादून के कैंट थाने में अपने पति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में उन्होंने आरोप लगाया था कि गिरधारी साहू ने पहले से शादीशुदा होने की बात उनसे छिपाई और विवाह के बाद उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित किया।



मंत्री ने यह भी आरोप लगाया था कि उनके साथ धोखाधड़ी करते हुए उन्हें अपनी कंपनियों से बाहर कर दिया गया और इस प्रक्रिया में उनके फर्जी हस्ताक्षरों का इस्तेमाल किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एसपी देहात जया बलोनी के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (एसआईटी) गठित की थी। टीम ने मामले से जुड़े लोगों से पूछताछ करने के साथ ही गिरधारी साहू के ठिकानों पर लगातार दबिश दी।
कई दिनों तक तलाश के बावजूद साहू का कोई सुराग नहीं मिल रहा था। हालांकि, आखिरकार पुलिस ने उसे झांसी से गिरफ्तार कर लिया।
अब गिरफ्तारी के बाद पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई और मामले की जांच में जुटी है।
