लच्छीवाला नेचर पार्क बना वीकेंड टूरिज्म का हॉटस्पॉट,
रविवार को उमड़ा 5200से अधिक पर्यटकों का सैलाब
गर्मी में प्राकृतिक ठंडक बना आकर्षण, सुबह से शाम तक रहा पर्यटकों का तांता
डोईवाला- गर्मी के बढ़ते प्रकोप के बीच डोईवाला स्थित लच्छीवाला नेचर पार्क इन दिनों वीकेंड टूरिज्म का प्रमुख केंद्र बनकर उभर रहा है। रविवार को यहां 5200 से अधिक पर्यटकों की भीड़ उमड़ी, जिससे पूरे दिन पार्क परिसर में रौनक बनी रही।
सुबह से ही पर्यटकों की आवाजाही तेज हो गई थी। आसपास के जिलों और क्षेत्रों से आए लोग परिवार सहित यहां पहुंचे और प्राकृतिक जलधाराओं, घने वृक्षों की छांव और शांत वातावरण का आनंद लिया। गर्मी से राहत पाने के लिए पर्यटकों ने जलस्रोतों में स्नान कर दिनभर मनोरंजन किया।
भीड़ अधिक होने के बावजूद पार्क में व्यवस्थाएं पूरी तरह सुचारू रहीं। वन विभाग और पार्क प्रशासन की टीम लगातार सक्रिय रही और प्रवेश, पार्किंग तथा जल क्षेत्रों में भीड़ को नियंत्रित करने के लिए विशेष निगरानी रखी गई। इससे पर्यटकों को बिना किसी परेशानी के सुरक्षित और व्यवस्थित अनुभव मिला।
वन क्षेत्राधिकारी मेधावी कीर्ति ने बताया कि लच्छीवाला नेचर पार्क में लगातार बढ़ रही पर्यटकों की भीड़ को देखते हुए विभाग पूरी तरह सतर्क है। उन्होंने कहा कि हमारा उद्देश्य केवल पर्यटन को बढ़ावा देना नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण के साथ हर आगंतुक को सुरक्षित और सुव्यवस्थित अनुभव उपलब्ध कराना है। उन्होंने यह भी कहा कि पार्क में भीड़ नियंत्रण, जल क्षेत्रों की निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था को लगातार मजबूत किया जा रहा है।
गर्मी के इस मौसम में लच्छीवाला नेचर पार्क तेजी से एक लोकप्रिय वीकेंड डेस्टिनेशन के रूप में अपनी पहचान मजबूत कर रहा है और आने वाले दिनों में यहां पर्यटकों की संख्या और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।


