युक्ता मिश्रा ने सीएम हेल्पलाइन शिकायतों की समीक्षा की, अधिकारियों को समयबद्ध निस्तारण के निर्देश…
अल्मोड़ा : कलेक्ट्रेट स्थित वीसी कक्ष में अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्रा की अध्यक्षता में सीएम हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में लंबित और निस्तारित शिकायतों की स्थिति की विस्तार से समीक्षा की गई।
अपर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि सीएम हेल्पलाइन पर आने वाली शिकायतें शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता में हैं, इसलिए इनके निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी विभाग यह सुनिश्चित करें कि शिकायतों का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और संतोषजनक निस्तारण किया जाए।
उन्होंने कहा कि कई मामलों में शिकायतों का निस्तारण समय पर नहीं होने के कारण शिकायतें अनावश्यक रूप से लंबित रहती हैं, जो गंभीर विषय है। ऐसे मामलों में संबंधित विभागों की जवाबदेही तय की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत का गंभीरता से परीक्षण करते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर उसका समाधान किया जाए।
बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि अधिकारी शिकायतकर्ता से फोन पर संपर्क कर समस्या की वास्तविक स्थिति समझें और उसके आधार पर कार्रवाई सुनिश्चित करें।
बैठक में उपजिलाधिकारी सदर संजय कुमार, जैंती/भनोली की उपजिलाधिकारी सौम्या गर्त्याल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे, जबकि विभिन्न विभागों के अधिकारी वर्चुअल माध्यम से बैठक में शामिल हुए।


