अज्ञात वाहन की टक्कर से पुलिसकर्मी की मौत
देहरादून : रुड़की के झबरेड़ा थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पुलिस महकमे को झकझोर कर रख दिया। झबरेड़ा-इकबालपुर मार्ग पर माजरा गांव के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से कोतवाली झबरेड़ा में तैनात पुलिसकर्मी प्रमोद कुमार की मौत हो गई।
48 वर्षीय प्रमोद कुमार की असमय मौत की खबर से उनके साथी पुलिसकर्मियों में शोक की लहर दौड़ गई। हादसा उस वक्त हुआ,जब वह बाइक से झबरेड़ा से रुड़की की ओर जा रहे थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि उनकी जान चली गई। अब पुलिस टक्कर मारने वाले अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश में जुटी है। झबरेड़ा-इकबालपुर मार्ग पर माजरा गांव के पास हुए इस दर्दनाक हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं और पुलिस महकमे को गहरे सदमे में डाल दिया।
जानकारी के मुताबिक, सोमवार 19 अक्टूबर की देर शाम प्रमोद कुमार पुत्र भागु प्रसाद अपनी बाइक से रुड़की की ओर जा रहे थे। जैसे ही वह माजरा गांव के पास पहुंचे, तभी एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। प्रमोद कुमार कोतवाली झबरेड़ा में वाहन चालक के पद पर तैनात थे। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के ग्राम छितावना के निवासी थे। अपने सहयोगियों के बीच उनकी अच्छी पहचान थी। ऐसे में उनके अचानक दुनिया से चले जाने की खबर से साथी पुलिसकर्मी और परिचित गमगीन हैं।
हादसे के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रुड़की के सिविल अस्पताल भेज दिया। वहीं, दुर्घटना को अंजाम देने वाले अज्ञात वाहन की पहचान करने के लिए जांच शुरू कर दी गई है। एसपी देहात अभय सिंह के मुताबिक हादसे में शामिल अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए रुड़की के सिविल अस्पताल भेजा गया है। पुलिस दुर्घटना के सभी पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है।
