रुड़की में एडीजीपी की पाठशाला, युवाओं को नशे और साइबर अपराधों से बचने का दिया संदेश…
नशे से दूरी, साइबर सुरक्षा जरूरी… पिरान कलियर में एडीजीपी ने युवाओं को किया जागरूक
अपर पुलिस महानिदेशक (अपराध एवं कानून व्यवस्था) उत्तराखंड डॉक्टर वी.मुरुगेशन ने पिरान कलियर क्षेत्र स्थित हरिओम सरस्वती कॉलेज ऑफ नर्सिंग एंड मेडिकल साइंस में छात्र-छात्राओं और स्थानीय नागरिकों के साथ सीधा संवाद किया। इस दौरान एडीजीपी ने युवाओं को नशे से दूर रहने,साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने और महिला सुरक्षा को लेकर जागरूक किया। साथ ही उन्होंने कहा कि आज का युवा देश का भविष्य है और अपने भविष्य को सुरक्षित रखने के लिए सही रास्ते का चुनाव करना बेहद जरूरी है। कार्यक्रम में कॉलेज के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, ग्राम प्रधानों और स्थानीय गणमान्य नागरिकों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान एडीजीपी ने युवाओं को संबोधित करते हुए नशे के दुष्परिणामों के प्रति आगाह किया।
उन्होंने कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही नुकसान नहीं पहुंचाता, बल्कि पूरे परिवार और उसके भविष्य को भी प्रभावित करता है। युवाओं से अपील की गई कि वे नशे से दूरी बनाकर रखें और अपने आसपास नशा तस्करी या किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। वहीं, डिजिटल युग में तेजी से बढ़ रहे साइबर अपराधों को लेकर भी एडीजीपी ने छात्र-छात्राओं को जागरूक किया।
उन्होंने सोशल मीडिया का सुरक्षित इस्तेमाल करने, ऑनलाइन ठगी, डिजिटल अरेस्ट और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी एआई के जरिए होने वाली धोखाधड़ी से बचने के तरीके बताए। साथ ही साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की। कार्यक्रम में महिला सुरक्षा भी प्रमुख मुद्दा रही। एडीजीपी ने छात्राओं को उत्तराखंड पुलिस के गौरा शक्ति ऐप और आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर 112 की जानकारी देते हुए कहा कि किसी भी परेशानी या असुरक्षा की स्थिति में बिना किसी डर और संकोच के पुलिस की सहायता लें।
इसके अलावा सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए युवाओं को यातायात नियमों का पालन करने, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने की नसीहत दी गई। जनसंवाद के दौरान स्थानीय नागरिकों और छात्र-छात्राओं ने अपनी समस्याएं और सुझाव भी एडीजीपी के सामने रखे जिन्हें गंभीरता से सुनते हुए उन्होंने संबंधित पुलिस अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
