नेलचामी रोड बैलगढ़ी टिहरी गढ़वाल में बढ़े नाले के जलस्तर के बीच SDRF ने महिला को सकुशल कराया पार
आज प्रातः थाना घनसाली जनपद टिहरी गढ़वाल से SDRF पोस्ट घनसाली को सूचना प्राप्त हुई कि नेलचामी रोड स्थित बैलगढ़ी गांव में लगातार हो रही वर्षा के कारण बरसाती नाले का जलस्तर अचानक बढ़ जाने से कुछ महिलाओं के फंसे होने की सूचना है। सूचना प्राप्त होते ही पोस्ट प्रभारी उप निरीक्षक गब्बर सिंह के नेतृत्व में SDRF टीम आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
घटनास्थल पर पहुंचने पर पाया गया कि गांव के बीच बरसाती नाले पर बना पुल तेज बहाव में बह गया था, जिससे आवागमन बाधित हो गया था। नाले के दोनों ओर मकान स्थित थे तथा कुछ महिलाएं अपनी गौशालाओं एवं घरों में सुरक्षित थीं। मौके पर जिला पुलिस एवं तहसील प्रशासन भी उपस्थित था तथा क्षेत्र में लगातार वर्षा जारी थी।
स्थिति का आकलन करने के उपरांत SDRF टीम ने रोप रेस्क्यू तकनीक का प्रयोग करते हुए विजयलक्ष्मी (55 वर्ष), पत्नी गब्बर सिंह को सुरक्षित रूप से नाले के पार पहुंचाया। अन्य महिलाएं नाले के दूसरी ओर स्थित अपने घरों में सुरक्षित थीं तथा किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।






