रिपोर्टर : आरती वर्मा,
दशहरा मेला ग्राउंड में बन रहे नवनिर्मित पार्क की व्यवस्थाओं का निरीक्षण, जनउपयोगिता पर दिया गया जोर
97 लाख रुपये की लागत से विकसित हो रहा नवनिर्मित पार्क, गुणवत्ता, हरियाली और सार्वजनिक सुविधा संरक्षण पर विशेष ध्यान
डोईवाला : पूर्व शहरी विकास मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल की पहल से वार्ड नंबर 11 दशहरा मेला ग्राउंड में 97 लाख रुपये की लागत से विकसित किए जा रहे नवनिर्मित पार्क की व्यवस्थाओं का पात्र दशहरा मेला एवं क्रीड़ा समिति के सदस्यों द्वारा निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान पार्क को एक सुरक्षित, स्वच्छ और जनोपयोगी सार्वजनिक स्थल के रूप में विकसित करने पर विशेष जोर दिया गया।
निरीक्षण के दौरान पार्क में आम नागरिकों के लिए विकसित की जा रही सुविधाओं—हरियाली, बैठने की समुचित व्यवस्था, पैदल पथ, प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता तथा सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। उपस्थित लोगों ने सुझाव दिया कि पार्क को इस प्रकार विकसित किया जाए, जिससे यह बच्चों, बुजुर्गों, महिलाओं और आम नागरिकों सभी के लिए उपयोगी एवं सुरक्षित बन सके।
नगर पालिका अध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि पात्र दशहरा मेला एवं क्रीड़ा समिति पिछले लगभग 30 वर्षों से दशहरा मेले का कार्यक्रम आयोजित कर नगर की पहचान रही है। उन्होंने समिति के सदस्यों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि इस ऐतिहासिक स्थल की मूल भावना को बनाए रखते हुए यहां ऐसा पार्क विकसित किया जा रहा है, जो पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ सामाजिक गतिविधियों और नागरिक विश्राम का केंद्र बने। उन्होंने कहा कि नगर पालिका की प्राथमिकता है कि निर्माण कार्य उच्च गुणवत्ता के साथ समयबद्ध रूप से पूर्ण हो और आमजन को एक स्वच्छ एवं सुरक्षित सार्वजनिक स्थल उपलब्ध कराया जा सके। उन्होंने कहा कि दशहरा मेला ग्राउंड में बिजली की चाक चौबंद व्यवस्था कराई जाएगी।
पात्र दशहरा एवं क्रीड़ा समिति के सचिव राजेंद्र वर्मा ने कहा कि दशहरा मेला ग्राउंड को बचाने और इसके अस्तित्व को बनाए रखने के लिए समिति के द्वारा पिछले तीन दशकों से निरंतर संघर्ष और प्रयास किए गए हैं। उन्होंने कहा कि यह ग्राउंड केवल एक खुला मैदान नहीं, बल्कि नगर की सामूहिक स्मृतियों और सामाजिक जीवन का अहम केंद्र रहा है।
नवनिर्मित पार्क के तैयार होने से नागरिकों को एक बेहतर, शांत और हरित वातावरण मिलेगा।
निरीक्षण के दौरान प्रबुद्ध नागरिकों ने यह भी सुझाव दिया कि पार्क के नियमित रखरखाव के लिए स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा भविष्य में किसी भी प्रकार के अतिक्रमण से इसे सुरक्षित रखा जाए। समिति सदस्यों ने निर्माण कार्य की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि पार्क को शीघ्र ही आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा, जिससे नगरवासियों को एक सुव्यवस्थित और सुरक्षित सार्वजनिक स्थल मिल सके।
इस दौरान समिति के उपाध्यक्ष दामन बाली, सभासद अमित कुमार, अभिषेक अग्रवाल, अनिल महावर, भारत गुप्ता, राजेश सिंगारी, इलम चंद, एडवोकेट विनीत लोधी, अरविंद कुमार,जतिन साहनी, गौरव लोधी,संदीप विश्वकर्मा, नगर पालिका अवर अभियंता अखिलेश खंडूरी आदि मौजूद रहे।


