Bharat gupta
समाजसेवा के लिए हमेशा याद रहेंगे स्व. साईं दास तलवाड़
37वीं पुण्यतिथि पर जोगीवाला स्थित साईं सृजन पटल कार्यालय में श्रद्धांजलि सभा, समाज, शिक्षा और साहित्य में योगदान को किया गया याद
डोईवाला– स्व. साईं दास तलवाड़ की 37वीं पुण्यतिथि पर शनिवार को जोगीवाला स्थित साईं सृजन पटल कार्यालय (साईं कुटीर) में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। इस दौरान उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई तथा समाज, शिक्षा, धार्मिक और साहित्यिक क्षेत्र में दिए गए उनके योगदान को स्मरण किया गया।
सभा को संबोधित करते हुए उनके ज्येष्ठ पुत्र, सेवानिवृत्त प्राचार्य एवं साईं सृजन पटल के संयोजक प्रो. के.एल. तलवाड़ ने कहा कि स्व. साईं दास तलवाड़ ने अपना जीवन समाजसेवा और जनहित के कार्यों के लिए समर्पित किया। उन्होंने बताया कि वर्ष 1952 से लगातार 25 वर्षों तक उन्होंने श्री आदर्श रामलीला समिति, उत्तरकाशी में व्यवस्थापक एवं कोषाध्यक्ष के रूप में सेवाएं दीं। उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए उन्हें मरणोपरांत ‘उत्तरकाशी गौरव सम्मान-2017’ से सम्मानित किया गया।
प्रो. तलवाड़ ने बताया कि उनकी स्मृति में विभिन्न महाविद्यालयों के मेधावी विद्यार्थियों को ‘स्व. श्री साईं दास तलवाड़ मेधावी छात्रवृत्ति’ प्रदान की जाती है। साथ ही अगस्त 2024 में स्थापित साईं सृजन पटल के माध्यम से मासिक पत्रिका का नियमित प्रकाशन, लेखक सम्मान, समाचार लेखन प्रशिक्षण और प्रतिभा सम्मान जैसे कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जा रहे हैं। 31 जुलाई को पत्रिका का 24वां विशेषांक प्रकाशित होगा।
इस अवसर पर उप संपादक अंकित तिवारी, सह संपादक अमन तलवाड़, लेखिका नीलम तलवाड़, इंसाइडी क्रिएटिव मीडिया के सीईओ अक्षत तलवाड़ सहित अन्य उपस्थित लोगों ने स्व. साईं दास तलवाड़ के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद करते हुए श्रद्धासुमन अर्पित किए।


