देहरादून/चमोली : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 74वें राजकीय औद्योगिक, सांस्कृतिक एवं विकास मेले के उद्घाटन
अवसर पर चमोली जिले को स्वास्थ्य सुविधाओं और रोजगार के क्षेत्र में कई सौगात देने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने सिमली महिला अस्पताल को मेडिकल कॉलेज बनाने के लिए केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजने और अस्पताल से जुड़े मामले में जल्द समिति गठित करने की बात कही।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गौचर मेला उत्तराखंड की ऐतिहासिक विरासत और सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक है। वर्ष 1943 में भोटिया व्यापार मेले के रूप में शुरू हुआ यह आयोजन आज औद्योगिक एवं सांस्कृतिक मेले के रूप में देशभर में पहचान बना चुका है।
सीएम धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वोकल फॉर लोकल के मंत्र को गौचर मेला धरातल पर उतार रहा है। प्रदेश सरकार युवाओं को अपने गांव और क्षेत्र में ही रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए कृषि, बागवानी, पशुपालन और पर्यटन को बढ़ावा दे रही है।
उन्होंने बताया कि चमोली के ऊनी हस्तशिल्प और स्थानीय उत्पादों को बड़े बाजारों तक पहुंचाने के लिए शुरू किए गए ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ ब्रांड का कारोबार छह करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर चुका है। उन्होंने कहा कि चारधाम सड़क परियोजना और ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना से चमोली के विकास को नई गति मिलेगी।
इससे पहले मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्वलित कर मेले का शुभारंभ किया और संस्थापक स्वर्गीय गोविंद प्रसाद नौटियाल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। स्थानीय विद्यालयों की छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। जिलाधिकारी गौरव कुमार ने मुख्यमंत्री को मेले का शुभंकर भेंट किया। गौचर पहुंचने पर मुख्यमंत्री का पारंपरिक तरीके से भव्य स्वागत किया गया।

