केक नहीं, पौधे लगाए,जन्मदिन पर दिव्या ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
विश्व पर्यावरण दिवस पर रेडियंट पब्लिक स्कूल परिसर में हुआ पौधरोपण, हरियाली बढ़ाने का लिया संकल्प
डोईवाला– विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर अपने जन्मदिन को यादगार बनाते हुए दिव्या ने रेडियंट पब्लिक स्कूल परिसर में कई पौधे लगाए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज की सबसे बड़ी जरूरत है और इसकी शुरुआत प्रत्येक व्यक्ति को अपने स्तर से करनी चाहिए। गौरतलब हो कि दिव्या पूर्व ब्लॉक प्रमुख नगीना रानी की पुत्रवधू है I
दिव्या ने कहा कि जन्मदिन जैसे व्यक्तिगत अवसर को यदि समाज और प्रकृति के हित से जोड़ा जाए तो उसका महत्व और भी बढ़ जाता है। पौधरोपण केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ वातावरण देने का संकल्प है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने विशेष अवसरों पर अधिक से अधिक पौधे लगाएं।
पूर्व ब्लॉक प्रमुख नगीना रानी ने भी कार्यक्रम की सराहना की। उन्होंने कहा कि शिक्षा संस्थानों में इस प्रकार के आयोजन बच्चों और युवाओं को पर्यावरण के प्रति संवेदनशील बनाते हैं। यदि हर व्यक्ति अपने जीवन के खास पलों को प्रकृति से जोड़ दे, तो पर्यावरण संरक्षण का लक्ष्य आसानी से हासिल किया जा सकता है।
इस मौके पर प्रधानाचार्य हंसी अधिकारी, अमित कुमार, अनुकृति, भूपेंद्र कुमार, ईलिमा, दिव्या आदि मौजूद रहे।



