ग्रामीण विकास की मजबूत कड़ी बनी आंतरिक सड़कें — गैरोला
क्षेत्र में बनी सड़कों से शिक्षा, स्वास्थ्य और स्थानीय व्यापार को मिला नया संबल
डोईवाला — डोईवाला विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम कालूवाला एवं बड़ोंवाला में ₹78 लाख की लागत से तथा माजरी ग्रांट एवं लाल तप्पड़ में ₹19 लाख की लागत से निर्मित आंतरिक सड़कों का हक बृजभूषण गैरोला ने पूजा अर्चना कर लोकार्पण किया गया। इन सड़कों का निर्माण लोक निर्माण विभाग, एमडीडीए एवं विधायक निधि के माध्यम से कराया गया है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं को मजबूती मिलने के साथ ही आवागमन भी सुगम हुआ है।

विधायक बृजभूषण गैरोला ने कहा कि आंतरिक सड़कें ग्रामीण विकास की आधारशिला हैं। बेहतर सड़क सुविधा से बच्चों को विद्यालय पहुंचने में आसानी होगी, बीमारों को स्वास्थ्य सेवाओं तक समय पर पहुंच मिल सकेगी और स्थानीय व्यापारियों को भी अपने उत्पाद बाजार तक ले जाने में सुविधा होगी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार गांव-गांव तक मजबूत बुनियादी ढांचा पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है और इसी दिशा में चरणबद्ध तरीके से विकास कार्य कराए जा रहे हैं।

माजरी ग्राम प्रधान निशा देवी ने सड़क निर्माण पर खुशी जताते हुए कहा कि वर्षों से चली आ रही समस्या अब समाप्त हो गई है। इससे ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली है और गांव के सामाजिक व आर्थिक विकास को नई दिशा मिली है। उन्होंने सड़क निर्माण के लिए विधायक एवं संबंधित विभागों का आभार व्यक्त किया।
स्थानीय ग्रामीणों ने भी आंतरिक सड़कों के निर्माण को क्षेत्र के लिए उपयोगी बताते हुए कहा कि इससे आपातकालीन स्थितियों में त्वरित सहायता मिलेगी और गांवों का संपर्क मुख्य मार्गों से और मजबूत होगा।

लोकार्पण में माजरी ग्रांट प्रधान प्रतिनिधि मंगल सिंह, जिला मंत्री राजकुमार राज, क्षेत्र पंचायत सदस्य पंकज रावत,धीरेंद्र सिंह कृषाली, भगवान सिंह कंडारी,प्रवीण राणा,चंद्रपाल नेगी, विजय नेगी, अजय नेगी, पुष्पा पुंडीर, रजनी रावत के अलावा ग्रामीण मौजूद रहे।


