विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष में शैल संकल्प फाउंडेशन का हरित अभियान
अठुरवाला क्षेत्र में पौधारोपण व स्वच्छता कार्यक्रम, बच्चों और सामाजिक कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी
डोईवाला—विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष में शैल संकल्प फाउंडेशन द्वारा टिहरी बांध पुनर्वास क्षेत्र अठुरवाला स्थित सुरकंडा मंदिर कोटी स्टोर लाइन (सुरकंडा विहार), पितृ स्थल अठुरवाला तथा आसपास के क्षेत्रों में पौधारोपण एवं स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना और स्वच्छ परिवेश का संदेश देना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ संस्था की संस्थापक व अध्यक्ष शैलबाला ममगाईं ने सुरकंडा मंदिर परिसर में बेलपत्र एवं फूलदार पौधों का रोपण कर किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी प्रयासों तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि प्रत्येक नागरिक को इसमें अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए।

संस्था के सचिव आर. डी. ममगाईं के नेतृत्व में सदस्यों ने पितृ स्थल परिसर की साफ-सफाई की तथा छायादार, शोभादार एवं फलदार पौधों का रोपण किया। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण भविष्य की पीढ़ियों के लिए सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने का संकल्प है।
संस्था कोषाध्यक्ष पूनम सेमवाल व गुड्डी नेगी ने स्कूली बच्चों की टीम गठित कर पर्यावरण जागरूकता अभियान चलाया। टीम लीडर एवं सोशल मीडिया प्रभारी सृष्टि नौटियाल के नेतृत्व में बच्चों ने स्वच्छता और हरियाली के संदेशों का प्रसार किया।

अभियान को सफल बनाने में क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ताओं बेताल सिंह नेगी, सरोप सिंह नयाल, रमेश चंद्र तिवारी एवं सते सिंह नेगी का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम में लक्ष्मी नौटियाल, आराध्य सेमवाल, पारस ममगाईं, स्मृति नौटियाल, शुभम सेमवाल, पंडित काला सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।


