डबल इंजन सरकार में अधिकारी बेलगाम, एमडीडीए के खिलाफ गहराया आक्रोश
एमडीडीए की कार्यशैली पर सवाल, डोईवाला विधायक बृजभूषण गैरोला बोले— उच्च अधिकारियों से हुई वार्ता, जनता को नहीं होने देंगे परेशान
डोईवाला— प्रदेश में डबल इंजन की सरकार के दावों के बीच एमडीडीए (मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण) की कार्यशैली को लेकर असंतोष लगातार बढ़ता जा रहा है। क्षेत्रवासियों और सामाजिक संगठनों का आरोप है कि एमडीडीए के अधिकारी नियमों की अनदेखी कर मनमानी कर रहे हैं, जिससे आम लोगों को बेवजह परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। निर्माण, नोटिस और कार्रवाई के मामलों में पारदर्शिता के अभाव को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं।
एमडीडीए के खिलाफ उठते विरोध के स्वर अब सड़कों से लेकर जनप्रतिनिधियों तक पहुंच गए हैं। लोगों का कहना है कि विकास के नाम पर की जा रही कार्रवाईयों से छोटे भवन स्वामी और आम नागरिक सबसे अधिक प्रभावित हो रहे हैं। कई मामलों में बिना समुचित सुनवाई के नोटिस और कार्रवाई की शिकायतें सामने आ रही हैं, जिससे आक्रोश और बढ़ गया है।
इस पूरे मामले पर डोईवाला विधायक बृजभूषण गैरोला ने सख्त रुख अपनाया है। विधायक ने कहा कि एमडीडीए से जुड़ी शिकायतों को लेकर उनकी उच्च अधिकारियों से वार्तालाप हुई है। उन्होंने कहा कि जनता को किसी भी हाल में अनावश्यक रूप से परेशान नहीं होने दिया जाएगा और यदि कहीं अधिकारियों की लापरवाही या तानाशाही सामने आती है तो उस पर कार्रवाई तय है।
विधायक ने यह भी कहा कि विकास कार्य जनहित में होने चाहिए, न कि जनता के उत्पीड़न का माध्यम। उन्होंने भरोसा दिलाया कि एमडीडीए की कार्यप्रणाली की गंभीरता से समीक्षा की जाएगी और जनता की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर कराया जाएगा। विधायक के बयान के बाद क्षेत्रवासियों में उम्मीद जगी है कि एमडीडीए की कार्यशैली पर अंकुश लगेगा और लोगों को राहत मिलेगी।


