जन्मदिन पर असलम खान ने किया 56वां एसडीपी महादान, 10 दिन के मासूम को मिला नया जीवन
परिवार के साथ जन्मदिन की खुशियां छोड़ हिमालयन हॉस्पिटल पहुंचे, तीन घंटे में प्लेटलेट्स दान कर निभाया मानवता का फर्ज
डोईवाला– मानवता की सेवा का अनूठा उदाहरण पेश करते हुए एक मदद ब्लड ग्रुप समिति, डोईवाला के सक्रिय रक्तदाता असलम खान ने अपने जन्मदिन पर 56वीं बार सिंगल डोनर प्लेटलेट्स (एसडीपी) दान कर 10 दिन के गंभीर रूप से बीमार नवजात शिशु को नया जीवन देने में अहम भूमिका निभाई। हिमालयन हॉस्पिटल, जौलीग्रांट में भर्ती हरिद्वार निवासी तंजीम के नवजात की प्लेटलेट्स काउंट अचानक करीब 30 हजार रह जाने पर चिकित्सकों ने तत्काल ए पॉजिटिव एसडीपी की आवश्यकता बताई। सूचना मिलने पर समिति के अध्यक्ष साकिर हुसैन ने असलम खान से संपर्क किया।
असलम खान तुरंत करीब 25 किलोमीटर की दूरी तय कर अस्पताल पहुंचे और आवश्यक जांच के बाद लगभग तीन घंटे तक ब्लड बैंक में रहकर एसडीपी दान किया। खास बात यह रही कि उसी दिन उनके जुड़वां बच्चों का भी जन्मदिन था, लेकिन उन्होंने पहले एक अनजान मासूम की जान बचाने को प्राथमिकता दी। समिति अध्यक्ष साकिर हुसैन ने उनके इस सेवा भाव की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे रक्तदाता समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। इस दौरान समिति के मुख्य सचिव आसिफ हसन और कोषाध्यक्ष शादाब हसन भी ब्लड बैंक में मौजूद रहे।


