संगठन में वर्षों की मेहनत का मिलेगा सम्मान, डोईवाला से हूं मजबूत दावेदार- नगीना
2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच भाजपा नेत्री ने पेश की दावेदारी, स्थानीय कार्यकर्ता को टिकट देने की उठाई मांग
डोईवाला– वर्ष 2027 में प्रस्तावित उत्तराखंड विधानसभा चुनाव को लेकर डोईवाला विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में पूर्व ब्लॉक प्रमुख एवं भाजपा नेत्री नगीना रानी ने बुधवार को पत्रकार वार्ता कर डोईवाला विधानसभा सीट से भाजपा टिकट के लिए अपनी मजबूत दावेदारी पेश की। उन्होंने कहा कि संगठन में वर्षों से समर्पित होकर कार्य करने वाले स्थानीय कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता मिलनी चाहिए।
नगीना रानी ने कहा कि उन्होंने मारखम ग्रांट की ग्राम प्रधान और डोईवाला की ब्लॉक प्रमुख के रूप में जनसेवा की है। इसके अलावा भाजपा संगठन में विभिन्न दायित्वों का निर्वहन करते हुए पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों को गांव-गांव तक पहुंचाने का कार्य किया है।
उन्होंने कहा कि लंबे समय से जनता के बीच सक्रिय रहने के कारण वह क्षेत्र की समस्याओं और लोगों की अपेक्षाओं से भली-भांति परिचित हैं।
उन्होंने कहा कि संगठन के प्रति वर्षों की मेहनत और जनसेवा के अनुभव के आधार पर वह स्वयं को डोईवाला विधानसभा सीट से भाजपा टिकट की मजबूत दावेदार मानती हैं। उनका कहना था कि स्थानीय कार्यकर्ता ही क्षेत्र के विकास और जनता की जरूरतों को बेहतर ढंग से समझ सकता है, इसलिए पार्टी को स्थानीय चेहरे पर विश्वास जताना चाहिए।
नगीना रानी ने कहा कि भाजपा में शीर्ष नेतृत्व का निर्णय सर्वोपरि होता है और वह पार्टी के हर निर्णय का सम्मान करेंगी। उन्होंने विश्वास जताया कि यदि पार्टी उन्हें प्रत्याशी बनाती है तो वह पूरी निष्ठा, समर्पण और मजबूती के साथ चुनाव लड़ते हुए डोईवाला विधानसभा सीट पर भाजपा की जीत सुनिश्चित करने के लिए पूरा प्रयास करेंगी।


