विश्व पर्यावरण दिवस पर एसडीआरएफ का हरित संकल्प — रतूड़ी के नेतृत्व में प्रदेशभर में वृक्षारोपण अभियान
प्रदेशभर की एसडीआरएफ इकाइयों में 400 से अधिक पौधे रोपे गए, अधिकारियों व जवानों ने लिया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प
डोईवाला – विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर एसडीआरएफ उत्तराखण्ड पुलिस द्वारा पर्यावरण संरक्षण एवं प्रकृति संवर्धन के उद्देश्य से प्रदेशव्यापी वृक्षारोपण एवं जन-जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत एसडीआरएफ मुख्यालय जॉलीग्रांट सहित प्रदेशभर में स्थित विभिन्न पोस्टों एवं इकाइयों में अधिकारियों, जवानों एवं रिक्रूट आरक्षियों ने उत्साहपूर्वक पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
एसडीआरएफ वाहिनी मुख्यालय में उपसेनानायक शुभांक रतूड़ी के नेतृत्व में कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें कार्मिकों एवं रिक्रूट आरक्षियों द्वारा लगभग 400 फलदार एवं छायादार वृक्ष लगाए गए। लगाए गए पौधों में पर्यावरण हितैषी एवं उपयोगी प्रजातियों को प्राथमिकता दी गई, ताकि आने वाले समय में हरित एवं स्वच्छ वातावरण को बढ़ावा मिल सके।
उपसेनानायक शुभांक रतूड़ी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है और प्रत्येक नागरिक को इसमें सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि एसडीआरएफ उत्तराखण्ड केवल आपदा प्रबंधन तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक एवं पर्यावरणीय उत्तरदायित्वों के निर्वहन में भी अग्रणी भूमिका निभा रहा है।
कार्यक्रम में सहायक सेनानायक सुशील रावत, शिविरपाल प्रमोद रावत, सूबेदार सैन्य सहायक जयपाल राणा सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

इसके साथ ही एसडीआरएफ कार्मिकों द्वारा आमजन को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करते हुए वृक्षों के महत्व, स्वच्छ पर्यावरण तथा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण का संदेश दिया गया। कार्मिकों ने अधिक से अधिक वृक्ष लगाने, जल संरक्षण अपनाने एवं पर्यावरण को जीवनशैली का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
प्रदेशभर में एसडीआरएफ की विभिन्न इकाइयों एवं पोस्टों पर भी इसी प्रकार वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए, जो संगठन की पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।


