सेवा, सुशासन और समर्पण ही भाजपा सरकार की पहचान – त्रिवेंद्र सिंह रावत
12 साल विश्वास, विकास व जनकल्याण के तहत माजरी ग्रांट में प्रबुद्ध गोष्ठी एवं पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित
डोईवाला– भाजपा सरकार के 12 साल विश्वास, विकास व जनकल्याण कार्यक्रम के अंतर्गत माजरी ग्रांट में प्रबुद्ध गोष्ठी एवं पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा माजरी मंडल अध्यक्ष रश्मि देवी ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व मुख्यमंत्री एवं हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ महापुरुषों के चित्रों के समक्ष दीप प्रज्वलन से हुआ। इसके बाद पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधारोपण किया गया।
गोष्ठी को संबोधित करते हुए सांसद हरिद्वार त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि भाजपा सरकार की पहचान सेवा, सुशासन और समर्पण है। बीते 12 वर्षों में सरकार ने नीतियों को धरातल पर उतारते हुए समाज के हर वर्ग तक विकास का लाभ पहुंचाया है। कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने अभूतपूर्व प्रगति की है। गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण, किसानों के हित, युवाओं के लिए अवसर, डिजिटल सेवाएं और मजबूत बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य हुए हैं। पारदर्शी शासन व्यवस्था के चलते जनता का भरोसा लगातार मजबूत हुआ है।
डोईवाला विधायक बृजभूषण गैरोला ने कहा कि भाजपा सरकार ने जनकल्याण को प्राथमिकता बनाकर योजनाओं का सीधा लाभ आम जनता तक पहुंचाया है, जिससे लोगों का विश्वास और मजबूत हुआ है।
भाजपा जिलाध्यक्ष राजेंद्र तड़ियाल ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं से ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और मूलभूत सुविधाओं का तेजी से विस्तार हुआ है।
उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए अधिक से अधिक पौधारोपण का आह्वान किया।

गोष्ठी में देवदत्त शर्मा, चंद्रमान पाल, वंदना स्वामी, सौरव पाल, पंकज शर्मा, सौरव नौडियाल, प्रदीप नेगी, विक्रम नेगी, मनीष क्षेत्री, शोभा रावत, ललित पंत, पंकज रावत, अजय रावत, हेमंत नेगी, मनोज पाल, संपूर्ण रावत, गुरजीत सिंह, उमेद बोरा, अरविंद चौधरी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


