रिपोर्टर: आरती वर्मा,
कैंचीवाला में स्टोन क्रशर पर बड़ी कार्रवाई, अनियमितताओं पर ई-रवन्ना पोर्टल से तत्काल निष्कासन
जिला खान अधिकारी की टीम का औचक निरीक्षण, नियमों के उल्लंघन पर सख्त कदम
देहरादून जनपद के विकासनगर तहसील अंतर्गत कैंचीवाला क्षेत्र में खनन विभाग ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। मंगलवार को जिला खान अधिकारी, देहरादून के नेतृत्व में विभागीय टीम ने एक स्वीकृत स्टोन क्रशर का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान क्रशर संचालन में कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। नियमों की अनदेखी को गंभीरता से लेते हुए विभाग ने तत्काल प्रभाव से संबंधित स्टोन क्रशर को ई-रवन्ना पोर्टल से निष्कासित कर दिया।

इस कार्रवाई के बाद उक्त क्रशर से खनन सामग्री का ऑनलाइन परिवहन और संचालन पूरी तरह बंद हो गया है। विभाग की इस सख्ती से क्षेत्र में संचालित अन्य क्रशर यूनिट्स में भी हड़कंप मच गया है।
अधिकारियों ने साफ किया है कि खनन नियमों का उल्लंघन करने वाले किसी भी संचालक को बख्शा नहीं जाएगा और आगे भी इसी तरह के औचक निरीक्षण जारी रहेंगे।
क्या है ई-रवन्ना पोर्टल?
ई-रवन्ना पोर्टल के माध्यम से खनन सामग्री के परिवहन की ऑनलाइन निगरानी की जाती है। इस पोर्टल से निष्कासन का मतलब है कि संबंधित इकाई अब वैध रूप से खनन सामग्री का परिवहन नहीं कर सकती।


