Bharat gupta
वार्ड 14 खत्ता इस्लामनगर में छह माह से पेयजल संकट, सभासद ने जल संस्थान से हैंडपंप लगाने की मांग की
25 परिवार पानी की समस्या से जूझ रहे, सभासद प्रतिनिधि ने अवर अभियंता को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र समाधान की मांग की
डोईवाला – नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड नंबर 14 स्थित खत्ता इस्लामनगर में पिछले छह महीनों से गंभीर पेयजल संकट बना हुआ है। क्षेत्र के लगभग 25 परिवारों को नियमित रूप से पानी नहीं मिल पा रहा, जिससे दैनिक जरूरतों को पूरा करने में भारी दिक्कतें आ रही हैं।
पेयजल समस्या के समाधान के लिए वार्ड नंबर 14 के सभासद प्रतिनिधि अमित कुमार सैनी ने जल संस्थान से हैंडपंप लगाए जाने की मांग की है। इस संबंध में उन्होंने जल संस्थान के अवर अभियंता विनोद असवाल को ज्ञापन सौंपकर जल्द से जल्द समस्या के निराकरण का अनुरोध किया।
सभासद प्रतिनिधि अमित कुमार सैनी ने कहा कि लंबे समय से पानी की आपूर्ति बाधित होने के कारण स्थानीय लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। उन्होंने मांग की कि क्षेत्र में स्थायी समाधान के लिए हैंडपंप या अन्य वैकल्पिक व्यवस्था शीघ्र की जाए।
जल संस्थान के अवर अभियंता विनोद असवाल ने बताया कि समस्या को संज्ञान में लिया गया है। जल्द ही स्थल निरीक्षण कर आवश्यक तकनीकी प्रक्रिया पूरी करते हुए उचित समाधान किया जाएगा, ताकि प्रभावित परिवारों को राहत मिल सके।


