नंदा गौरा योजना से वंचित पात्र बालिकाओं को मिलेगा एक और मौका, 30 नवंबर तक करें ऑनलाइन आवेदन: रेखा आर्या
देहरादून : महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने सचिवालय में विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर महिला एवं बाल कल्याण से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक समय पर पहुंचाने और क्रियान्वयन में किसी भी तरह की अनावश्यक देरी न करने के निर्देश दिए।
बैठक में नंदा गौरा योजना की समीक्षा करते हुए मंत्री ने योजना से वंचित रह गई पात्र बालिकाओं के लिए जल्द विज्ञप्ति जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रदेश की पात्र बालिकाओं से अपील की कि वे 30 नवंबर तक अनिवार्य रूप से ऑनलाइन आवेदन करें, ताकि कोई भी पात्र बेटी योजना के लाभ से वंचित न रहे।
वहीं, मुख्यमंत्री एकल महिला स्वरोजगार योजना के तहत वर्ष 2025-26 और 2026-27 के लाभार्थियों तथा लंबित आवेदनों की स्थिति की भी समीक्षा की गई। मंत्री ने बताया कि वर्ष 2026-27 के सभी पात्र आवेदनों को जल्द अंतिम रूप दिया जाएगा और दिसंबर के प्रथम सप्ताह तक लाभार्थियों को योजना की पहली किस्त जारी कर दी जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को महिलाओं को समय पर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
बैठक में मंत्री रेखा आर्या ने बताया कि प्रदेश में जल्द ही मुख्यमंत्री बाल समृद्धि योजना शुरू की जाएगी। योजना का प्रस्ताव तैयार कर लिया गया है और फिलहाल वित्त विभाग के स्तर पर लंबित है। जल्द ही इसे कैबिनेट में लाया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस योजना से बच्चों के कल्याण और उनके बेहतर भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण पहल होगी।
मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार महिलाओं, बालिकाओं और बच्चों के सर्वांगीण विकास एवं कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सरकार का प्रयास है कि प्रत्येक पात्र लाभार्थी तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचे।
बैठक में सचिव चंद्रेश कुमार यादव, अपर सचिव कर्मेंद्र सिंह, निदेशक बंशी लाल राणा, उपनिदेशक विक्रम सिंह, सीपीओ अंजना गुप्ता, राज्य परियोजना अधिकारी मोहित चौधरी सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
