बुल्लावाला में 45 किसानों की बनी फार्मर आईडी, योजनाओं का लाभ अब सीधे खाते में
कृषि विभाग के अभियान से किसानों को मिली डिजिटल पहचान, अनुदान, बीमा व ऋण में होगी आसानी
डोईवाला – बुल्लावाला में कृषि विभाग द्वारा चलाए गए विशेष अभियान के तहत 45 किसानों की फार्मर आईडी तैयार की गई। फार्मर आईडी बनने से किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, फसल बीमा, बीज-खाद व कृषि यंत्रों पर अनुदान, किसान क्रेडिट कार्ड कृषि ऋण, प्राकृतिक आपदा में मुआवजा जैसी सुविधाएं सीधे और आसानी से मिल सकेंगी।
अब किसानों को अलग-अलग योजनाओं के लिए बार-बार आवेदन व दस्तावेज जमा नहीं करने होंगे, बल्कि एक ही डिजिटल पहचान से सभी सरकारी सुविधाओं का लाभ मिलेगा।
ग्राम प्रधान परमिंदर सिंह बाउ ने कहा कि फार्मर आईडी किसानों के लिए बेहद लाभकारी साबित होगी। इससे योजनाओं में पारदर्शिता आएगी और सरकारी सहायता सीधे किसानों तक पहुंचेगी। उन्होंने कहा कि डिजिटल व्यवस्था से किसानों का समय बचेगा और उन्हें सही समय पर योजनाओं का लाभ मिल सकेगा।
कृषि विभाग की सहायक अधिकारी प्रियंका थपलियाल ने बताया कि फार्मर आईडी एक यूनिक डिजिटल पहचान है, जिसके माध्यम से किसान केंद्र व राज्य सरकार की सभी कृषि योजनाओं से सीधे जुड़ सकेंगे। उन्होंने कहा कि इस अभियान को आगे भी जारी रखा जाएगा, ताकि क्षेत्र के सभी पात्र किसानों की फार्मर आईडी बनाई जा सके।
कृषि विभाग का मानना है कि फार्मर आईडी से किसानों को योजनाओं का लाभ समय पर मिलेगा, उनकी आय में वृद्धि होगी और कृषि व्यवस्था अधिक सशक्त व पारदर्शी बनेगी।
इस दौरान बीटीएम संजय बर्थवाल के अलावा किसान मौजूद रहे I


