रिपोर्टर : आरती वर्मा,
भीमावाला नावघाट पुल की सुरक्षा को डीएम और जिला खनन अधिकारी का बड़ा फैसला
विकासनगर : यमुना नदी पर हाल ही में निर्मित भीमावाला नावघाट पुल की सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के निर्देश एवं जिला खनन अधिकारी ऐश्वर्या शाह की निगरानी में पुल के आसपास संचालित रिवर ड्रेजिंग गतिविधियों की जांच कराई गई, जिसके बाद पुल से 500 मीटर दायरे में रिवर ड्रेजिंग कार्य बंद करा दिया गया।
प्रशासन द्वारा की गई जांच में पुल की संरचनात्मक सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए संबंधित रिवर ड्रेजिंग अनुज्ञाधारक की कार्य सीमा को भी पुल से 500 मीटर दूर स्थानांतरित कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि पुल के समीप रिवर ड्रेजिंग गतिविधियों को लेकर लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही थीं, जिसके बाद जिला प्रशासन ने तत्काल संज्ञान लेते हुए आवश्यक कार्रवाई की।
भीमावाला नावघाट पुल उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश को जोड़ने वाला एक महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। हाल ही में बनकर तैयार हुए इस पुल के शुरू होने से क्षेत्र के हजारों लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। किसानों, छात्रों, व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों के लिए यह पुल महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाला है।
जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने स्पष्ट किया है कि जनहित और सार्वजनिक परिसंपत्तियों की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। वहीं जिला खनन अधिकारी ऐश्वर्या शाह ने कहा कि सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के लिए विभाग लगातार निगरानी कर रहा है तथा नियमों के अनुरूप ही गतिविधियों का संचालन किया जाएगा।
स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन की इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए इसे पुल की सुरक्षा के लिए सराहनीय कदम बताया है। प्रशासन का मानना है कि समय रहते उठाया गया यह कदम भविष्य में पुल की सुरक्षा और स्थायित्व सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।


